नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 के उद्घाटन समारोह की मुख्य बातें साझा करते हुए इसे नए विचारों, नवाचार और मजबूत इरादों का सशक्त संगम बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस एक्सपो ने पूरी दुनिया के हित में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य को आकार देने में भारतीय प्रतिभा की असाधारण क्षमता को प्रदर्शित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत एआई के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने यह भी रेखांकित किया कि यह आयोजन मानव प्रगति के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का जिम्मेदारीपूर्वक, समावेशी और व्यापक स्तर पर उपयोग करने की भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 ने वैश्विक हितों को ध्यान में रखते हुए एआई के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य किया है।
यह एक्सपो तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शोध संस्थानों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जहां भारत की डिजिटल शक्ति और युवा प्रतिभा का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
Tags
देश विदेश