प्रधानमंत्री Narendra Modi ने सेवा तीर्थ में एआई और डीपटेक स्टार्टअप्स के 16 प्रमुख सीईओ एवं संस्थापकों के साथ विस्तृत गोलमेज सम्मेलन किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य सेवा, कृषि, साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष, शिक्षा, न्याय तक पहुंच और सामाजिक सशक्तिकरण जैसे विविध क्षेत्रों में कार्य कर रहे स्टार्टअप्स ने अपने नवाचारों और समाधान प्रस्तुत किए।
स्वास्थ्य क्षेत्र में स्टार्टअप्स उन्नत निदान प्रणाली, जीन थेरेपी और एआई आधारित रोगी रिकॉर्ड प्रबंधन के माध्यम से अंतिम छोर तक गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचाने पर काम कर रहे हैं। कृषि क्षेत्र में भू-स्थानिक तकनीक और डेटा एनालिटिक्स के जरिए फसल उत्पादकता बढ़ाने, जलवायु जोखिमों के प्रबंधन और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण पर जोर दिया जा रहा है। साइबर सुरक्षा और नैतिक एआई के क्षेत्र में भी भारतीय स्टार्टअप्स वैश्विक स्तर के समाधान विकसित कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने नवोन्मेषकों की सराहना करते हुए कहा कि भारत की आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान विकसित करना समय की मांग है। उन्होंने कृषि, पर्यावरण संरक्षण, मातृभाषा में उच्च शिक्षा और डिजिटल समावेशन जैसे क्षेत्रों में एआई के उपयोग की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सुदृढ़ डेटा प्रबंधन और गलत सूचनाओं से सावधान रहने की भी आवश्यकता बताई।
स्टार्टअप्स ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत वैश्विक एआई नवाचार का उभरता केंद्र बन रहा है। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों और नीति निर्माताओं ने भी भाग लिया। यह संवाद भारत के एआई इकोसिस्टम को सशक्त बनाने और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Tags
देश विदेश