केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने देश के कई राज्यों में हुई अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का संज्ञान लिया है। उन्होंने कृषि मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति की तत्काल समीक्षा करें और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें।
शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों से कहा कि वे संबंधित राज्यों के कृषि विभागों से संपर्क कर सही स्थिति की जानकारी जुटाएं। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि “किसान भाई-बहन चिंता न करें, इस संकट की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
लगातार बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के बीच केंद्र सरकार की यह पहल किसानों को राहत पहुंचाने और नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Tags
देश विदेश