मेघालय में खेल क्रांति को नई रफ्तार, केंद्र और राज्य सरकार मिलकर तैयार करेंगी युवा खिलाड़ियों का भविष्य

केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने मेघालय में खेल और युवा विकास योजनाओं की समीक्षा की
फुटबॉल, खेल अवसंरचना और युवा सहभागिता को मजबूत करने पर हुआ मंथन

शिलांग। केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने मेघालय सरकार के साथ राज्य में चल रही खेल एवं युवा विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान खेल अवसंरचना को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं की सहभागिता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मेघालय के खेल एवं युवा कार्य मंत्री वालदमिकी शिला, वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय खेल प्राधिकरण तथा मेघालय राज्य ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

बैठक में मेघालय के खेल इकोसिस्टम, युवा कार्यक्रमों और खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। राज्य सरकार ने बताया कि खेल क्लबों, खिलाड़ियों और युवा संगठनों को अनुदान एवं छात्रवृत्ति के माध्यम से सहायता दी जा रही है। वर्तमान में लगभग 900 खिलाड़ियों को राज्य खेल छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल रहा है।

बैठक में मुख्यमंत्री फुटबॉल मिशन की भी विशेष चर्चा हुई, जो दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल मॉडल से प्रेरित है। इस योजना के तहत 125 केंद्रों के माध्यम से करीब 10 हजार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और सहयोग प्रदान किया जा रहा है। मेघालय के कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई है।

खेल अवसंरचना को लेकर मावखानू फुटबॉल स्टेडियम, उमसावली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और उमथम स्लैलम कोर्स की प्रगति की समीक्षा की गई। मावखानू स्टेडियम को देश के बड़े फुटबॉल स्टेडियमों में विकसित करने की योजना है। वहीं उमथम स्लैलम कोर्स जल क्रीड़ा प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि मेघालय में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं और केंद्र सरकार राज्य के साथ मिलकर खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने खेलो इंडिया अकादमियों को और सशक्त बनाने तथा युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

#Meghalaya #SportsNews #KheloIndia #Football #YouthDevelopment #RakshaKhadse #SportsIndia #IndiaNews #YouthPower #NortheastIndia

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने