प्रयागराज के मीरापुर स्थित बरगद घाट हनुमान मंदिर में श्री हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य मंगल कलश यात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व समिति के महामंत्री हरिमोहन मालवीय एवं मंगल कलश यात्रा संयोजक अभिषेक ठाकुर ने किया।
मंगल कलश यात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजन-अर्चन के साथ बरगद घाट हनुमान मंदिर से हुआ। यात्रा ललिता देवी मंदिर, सब्जी मंडी, तिकोनिया पार्क और 60 फिट रोड होते हुए पुनः हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
समिति के देवेंद्र सिंह चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि पूज्य आचार्य पुनीत जी महाराज अयोध्या धाम द्वारा 29 मई से 4 जून तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से 8 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा का आयोजन बरगद घाट मीरापुर हनुमान मंदिर प्रांगण में होगा। वहीं 5 जून को कथा की पूर्णाहुति हवन एवं विशाल भंडारे के साथ की जाएगी।
कलश यात्रा में 501 महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भाग लिया। यात्रा में डीजे, बैंड, ढोल-नगाड़ों और भांगड़ा की आकर्षक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम और हरि नाम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम का संचालन अभिषेक ठाकुर ने किया। इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता राजेश केसरवानी, पार्षद साहिल अरोरा, रणविजय सिंह, कंचन मौर्य, रीता सिंह, मंजूषा सिंह, नीता मेहरोत्रा, शांति प्रजापति सहित सैकड़ों महिला श्रद्धालु मौजूद रहीं।
#Prayagraj #BhagwatKatha #KalashYatra #HanumanMandir #MiraPur #ReligiousNews #PrayagrajNews #HindiNews
Tags
Prayagraj