प्रयागराज में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के निजी सचिव एसजे रहमानी का WhatsApp अकाउंट हैक कर लिया गया। हैकर ने उनके अकाउंट से सैकड़ों परिचितों और संपर्कों को शादी का निमंत्रण भेजते हुए एक संदिग्ध APK फाइल शेयर की।
संदेश में लिखा गया था कि “शादी 25 मई को है, पूरे परिवार के साथ जरूर आएं” और साथ में लोकेशन कार्ड के नाम पर एक APK फाइल भेजी गई। कई लोगों ने इसे सामान्य निमंत्रण समझकर खोलने की कोशिश की, लेकिन अचानक कई कॉल आने के बाद रहमानी को अकाउंट हैक होने की जानकारी मिली।
घटना के बाद कार्यालय के तकनीकी विशेषज्ञों और सहयोगियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोबाइल को फॉर्मेट कराया और काफी प्रयासों के बाद WhatsApp अकाउंट दोबारा सुरक्षित किया गया। अकाउंट वापस मिलने के बाद सभी परिचितों को चेतावनी संदेश भेजकर कहा गया कि संदिग्ध फाइल या लिंक बिल्कुल न खोलें।
इस साइबर हमले के कारण कुछ अन्य लोगों के मोबाइल भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी वित्तीय नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि WhatsApp या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आने वाली APK फाइल, अनजान लिंक या संदिग्ध मैसेज को बिना जांचे कभी डाउनलोड न करें। साइबर ठग अब शादी कार्ड, बैंक अपडेट और सरकारी नोटिस जैसे नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं।
#CyberCrime
WhatsAppHack
Prayagraj, CyberAlert
DigitalSafety, FakeAPK
UPNews, RailwayNews
OnlineFraud, CyberSecurity
Tags
Prayagraj