ऑपरेशन RAGEPILL में NCB की बड़ी कार्रवाई, पहली बार भारत में पकड़ी गई ‘कैप्टागन’ ड्रग

Narcotics Control Bureau (NCB) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन RAGEPILL’ के तहत 227.7 किलोग्राम कैप्टागन ड्रग जब्त की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 182 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में एक सीरियाई नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध रूप से भारत में रह रहा था।

केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने इस ऑपरेशन की सफलता पर एनसीबी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मोदी सरकार नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत को ड्रग तस्करी के ट्रांजिट हब के रूप में इस्तेमाल करने की हर कोशिश को सख्ती से कुचला जाएगा।

जांच में सामने आया कि यह खेप सऊदी अरब और मध्य-पूर्व के देशों में भेजी जानी थी। एनसीबी ने दिल्ली के नेब सराय इलाके से 31.5 किलोग्राम कैप्टागन टैबलेट बरामद की, जबकि बाद में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर एक कंटेनर से 196.2 किलोग्राम कैप्टागन पाउडर बरामद किया गया। ड्रग को मशीनों और भेड़ की ऊन के बीच छिपाकर रखा गया था।

अधिकारियों के अनुसार, यह भारत में कैप्टागन की पहली बड़ी जब्ती है। एनसीबी अब हवाला नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह, लॉजिस्टिक्स चेन और विदेशी रिसीवरों की जांच कर रही है। एजेंसी ने लोगों से मादक पदार्थों से जुड़ी जानकारी MANAS हेल्पलाइन 1933 पर साझा करने की अपील की है।

#NCB #OperationRAGEPILL #AmitShah #DrugSmuggling #Captagon #BreakingNews #IndiaNews #NashaMuktBharat

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने