धर्मशाला में 15 जून को आयोजित होगी ‘दिशा’ क्षेत्रीय कार्यशाला, न्याय तक पहुंच को मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस

धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश)। भारत सरकार के विधि और न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा 15 जून 2026 को धर्मशाला के सरकारी डिग्री कॉलेज (पीजी) सभागार में ‘दिशा’ योजना के अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यशाला एवं ‘सुधार उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य न्याय तक आम नागरिकों की पहुंच को सशक्त बनाना, कानूनी जागरूकता बढ़ाना तथा पिछले 12 वर्षों में न्याय क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण सुधारों को प्रदर्शित करना है।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के शामिल होने की संभावना है। न्याय विभाग के सचिव स्वागत भाषण के माध्यम से विभाग की प्रमुख पहलों और न्याय को अधिक सुलभ एवं किफायती बनाने के प्रयासों की जानकारी देंगे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘न्याय प्रबोध – न्याय के प्रति जागरूकता’ अभियान का शुभारंभ होगा। एक वर्ष तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना है। इसके तहत ‘90 सेकंड में अपने अधिकारों को जानें’, ‘न्याय प्रश्नोत्तरी’ और ‘जनहित के लिए प्रतिज्ञा’ जैसी पहलें शुरू की जाएंगी।

कार्यक्रम में टेली-लॉ योजना के लाभार्थियों पर आधारित एक वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही टेली-लॉ पैनल के वकीलों, ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLE) और लाभार्थियों के साथ संवाद आयोजित होगा, जिसमें तकनीक आधारित कानूनी सेवाओं के प्रभाव को साझा किया जाएगा।

‘सुधार उत्सव’ के माध्यम से न्यायिक अवसंरचना, न्यायालयों के डिजिटलीकरण, कानूनी सहायता, कानूनी जागरूकता और नागरिक-केंद्रित न्याय पहलों में हुई उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस कार्यशाला में न्यायपालिका, विधि विश्वविद्यालयों, बार एसोसिएशनों, सीएससी नेटवर्क, सरकारी अधिकारियों, विद्यार्थियों और मीडिया प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में हितधारकों की भागीदारी होगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने