**इंदौर से ब्रिक्स कृषि सहयोग को नई दिशा, छोटे किसानों के सशक्तिकरण पर भारत ने दिया जोर**

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वैश्विक कृषि सहयोग, खाद्य सुरक्षा और छोटे किसानों के सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना के साथ पूरी दुनिया को एक परिवार मानते हुए शांति, सहयोग और साझेदारी आधारित विकास की दिशा में कार्य कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव और बाजार की अनिश्चितताओं के बीच छोटे और सीमांत किसानों को मजबूत बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि छोटे किसान सशक्त होंगे तो वैश्विक खाद्य सुरक्षा भी मजबूत होगी। भारत के लगभग 87 प्रतिशत किसान छोटे और सीमांत वर्ग से आते हैं, इसलिए सरकार उनकी आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पिछले एक दशक में भारत के कृषि क्षेत्र में लगभग 4.5 प्रतिशत की औसत वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है। देश का कुल खाद्य उत्पादन बढ़कर 376 मिलियन टन तक पहुंच गया है। वहीं गेहूं, बागवानी और मत्स्य उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण यह उपलब्धियां संभव हो सकी हैं।
उन्होंने प्राकृतिक खेती, तकनीक आधारित कृषि और महिला सशक्तिकरण को कृषि विकास का आधार बताया। “ड्रोन दीदी” जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं और युवा कृषि क्षेत्र में परिवर्तन के वाहक बन रहे हैं। उन्होंने ब्रिक्स देशों से सतत कृषि विकास, खाद्य सुरक्षा और किसानों की समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

सम्मेलन में कृषि सहयोग, नवाचार, तकनीक और सतत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। भारत ने इस मंच के माध्यम से वैश्विक कृषि क्षेत्र में सहयोग और साझेदारी को नई दिशा देने का संदेश दिया।

#BRICS #BRICSAgriculture #ShivrajSinghChouhan #Indore #Agriculture #Farmers #NaturalFarming #FoodSecurity #PMModi #KisanSammanNidhi #IndiaNews #BreakingNews #HindiNews #PrayagrajCityNews #LatestNews

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने