भारत-दक्षिण अफ्रीका संबंधों को मिली नई मजबूती, उपराष्ट्रपति माशातिले ने राष्ट्रपति मुर्मु से की मुलाकात

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आए उपराष्ट्रपति माशातिले का राष्ट्रपति ने गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों तथा भविष्य के सहयोग पर विस्तार से चर्चा की।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मित्रता का संबंध वर्षों पुराना है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी सम्मान और सहयोग की भावना पर आधारित है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका पहला ऐसा देश था जिसके साथ भारत ने वर्ष 1997 में रणनीतिक साझेदारी स्थापित की थी।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक चुनौतियों, विकासशील देशों के हितों और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका लंबे समय से ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज रहे हैं तथा संयुक्त राष्ट्र, जी-20 और अन्य बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों का सहयोग लगातार मजबूत हुआ है।
राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापारिक संबंधों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान द्विपक्षीय व्यापार लगभग 15.5 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापार, निवेश, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं और अधिक व्यापक हैं।

भारत की अफ्रीका नीति का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत अफ्रीकी देशों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग न केवल भारत और दक्षिण अफ्रीका के नागरिकों के लिए बल्कि पूरे ग्लोबल साउथ के लिए लाभकारी साबित होगा।

#IndiaSouthAfrica #PresidentMurmu #SouthAfricaVP #InternationalRelations #GlobalSouth #Diplomacy #IndiaAfricaPartnership #PrayagrajCityNews

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने