एम्स बठिंडा के दीक्षांत समारोह में बोले जेपी नड्डा, स्वस्थ भारत से ही बनेगा विकसित भारत

बठिंडा। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को एम्स बठिंडा के दूसरे दीक्षांत समारोह में भाग लेते हुए उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश को विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण बेहद आवश्यक है।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। स्वास्थ्य सेवाएं अब केवल उपचार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोकथाम, जागरूकता, पुनर्वास और बुजुर्गों की देखभाल जैसे क्षेत्रों को भी समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में लाखों आयुष्मान आरोग्य मंदिर लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
जेपी नड्डा ने एम्स बठिंडा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान प्रतिदिन हजारों मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, टेलीमेडिसिन सेवाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच शिविरों के माध्यम से जनस्वास्थ्य को मजबूत करने का कार्य भी कर रहा है।

उन्होंने चिकित्सा शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले कुछ वर्षों में देश में मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सरकार आने वाले वर्षों में चिकित्सा शिक्षा के अवसरों को और बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने एम्स बठिंडा में अत्याधुनिक पीईटी-सीटी सुविधा, दूसरी हाई एनर्जी लीनियर एक्सेलेरेटर यूनिट, बर्न आईसीयू, बाल विकास एवं प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र तथा जिम एवं वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा में मानवीय संवेदनाएं, करुणा और सहानुभूति हमेशा सर्वोपरि रहनी चाहिए।

#JPNadda #AIIMSBathinda #HealthMinistry #MedicalEducation #ViksitBharat2047 #Healthcare #PunjabNews #PrayagrajCityNews

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने