नई दिल्ली, 5 जुलाई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 6 जुलाई को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्थापना दिवस समारोह में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और डिजिटल पहलों का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
समारोह के दौरान विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत 232 गोदामों से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण, हस्तांतरण और शिलान्यास किया जाएगा। इनमें 135 गोदामों का हस्तांतरण, 85 का लोकार्पण तथा 47 नए गोदामों का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा अमूल और एनसीसीएफ द्वारा 64 एकड़ में विकसित किए जाने वाले ‘सहकार वन’ परियोजना का भूमि पूजन भी होगा।
अमित शाह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और महाराष्ट्र के जलगांव में BBSSL की टिश्यू कल्चर सुविधाओं का भी भूमि पूजन करेंगे। साथ ही NCD 3.0, जियो-टैग मोबाइल एप, NDDB दूध आपूर्ति समीक्षा डैशबोर्ड, सहकार CBS और सहकार सहयोगी जैसे आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम की एक बड़ी उपलब्धि 50,000 पैक्स (PACS) को ई-पैक्स में परिवर्तित करना होगी, जिससे ग्रामीण सहकारी संस्थाओं का डिजिटल सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स ऑर्गनाइजेशन मल्टी-स्टेट लिमिटेड और गोमय सहकारी समिति मल्टी-स्टेट लिमिटेड का उद्घाटन भी किया जाएगा।
समारोह में बीज प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए BBSSL और ICAR के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर होंगे तथा डेयरी सहकारी समितियों के लिए आदर्श उप-विधियां भी जारी की जाएंगी।
यह आयोजन किसानों, महिलाओं, युवाओं, डेयरी उत्पादकों और ग्रामीण सहकारी संस्थाओं को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
#AmitShah #CooperationMinistry #SahkarSeSamriddhi #PACS #EPACS #Amul #NCCF #IndiaNews #CooperativeSector #PrayagrajCityNews
Tags
देश विदेश