प्रयागराज, 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सोरांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पुरुषोत्तमपुर उर्फ गारापुर स्थित अमृत सरोवर परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रगौरव एवं सभ्यतागत चेतना के प्रतीक महान विभूतियों की प्रतिमाओं एवं स्मारिकाओं का अनावरण किया। कार्यक्रम में उन्होंने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान तथागत भगवान बुद्ध, भगवान परशुराम, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप, चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की विरासत एवं भारत के राजचिह्न अशोक स्तंभ, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, लौहपुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों की स्मारिकाओं और प्रतिमाओं का लोकार्पण किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत की महान विभूतियों ने अपने जीवन से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, न्याय, साहस और राष्ट्रनिर्माण के आदर्श स्थापित किए हैं। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इन महापुरुषों के जीवन और उनके योगदान से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। लोगों ने महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता का संकल्प लिया।
उन्होंने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण की रक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी आधारशिला है।
कार्यक्रम में गंगापार जिला अध्यक्ष निर्मला पासवान, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, फाफामऊ विधायक, संबंधित ब्लॉक प्रमुख अन्य अधिकारीगण सहित सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
#KeshavPrasadMaurya #Prayagraj #Soraon #Garapur #EkPedMaaKeNaam #AmritSarovar #BJP #UttarPradesh #MaharanaPratap #DrAmbedkar #SardarPatel #News #PrayagrajCityNews
Tags
Prayagraj