पीएम मोदी ने काशी से किसानों को दी बड़ी सौगात, 21 हजार करोड़ की पीएम किसान सम्मान निधि जारी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त 2025 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित किया। सेवापुरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देश के किसानों, काशी के विकास, पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि योजनाओं और ऑपरेशन सिंदूर समेत कई मुद्दों पर बात की। इस अवसर पर देशभर के करीब 10 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 21 हजार करोड़ रुपये की पीएम किसान सम्मान निधि की राशि भेजी गई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में काशी आकर किसानों से जुड़ना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी सफलता को उन्होंने बाबा विश्वनाथ के चरणों में समर्पित किया है।
किसानों के खाते में पहुंची पीएम किसान सम्मान निधि

प्रधानमंत्री के अनुसार, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक करीब 3.75 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के करीब 2.5 करोड़ किसानों को इस योजना का लाभ मिला है और राज्य के किसानों के खातों में 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाई गई है। वहीं, काशी के किसानों को करीब 900 करोड़ रुपये मिलने की जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा कि राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे बिचौलियों और कमीशन की व्यवस्था खत्म हुई है।

प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना पर जोर

प्रधानमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत कृषि विकास और किसानों के कल्याण के लिए 24 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका फोकस उन जिलों पर रहेगा जहां कृषि उत्पादन और किसानों की आय अपेक्षाकृत कम है।

उन्होंने पीएम फसल बीमा योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि इसके तहत किसानों को अब तक 1.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक के दावे का भुगतान किया जा चुका है। सरकार फसलों की MSP बढ़ाने और भंडारण के लिए नए गोदाम बनाने पर भी काम कर रही है।

महिलाओं और आधुनिक कृषि पर भी फोकस

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। अब तक 1.5 करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। ड्रोन दीदी अभियान के जरिए भी महिलाओं की आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान वाराणसी में 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी हुआ। इनमें रेल ओवरब्रिज, जल जीवन मिशन से जुड़े प्रोजेक्ट, स्कूलों के निर्माण, होम्योपैथिक कॉलेज और मुंशी प्रेमचंद की विरासत से जुड़े कार्य शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले त्योहारों और शादी के मौसम में देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देना चाहिए। उन्होंने ‘वेड इन इंडिया’ की भावना को भी आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने