नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के करियप्पा मैदान में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की रैली को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स, टैब्यू कलाकारों तथा राष्ट्रीय रंगशाला के कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की मेहनत, अनुशासन और तालमेल देश के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों में समर्पण, टीमवर्क और राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जो राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका को दर्शाती है। उन्होंने युवाओं से देश के लिए सेवा, कर्तव्य और अनुशासन को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया।
हालांकि, प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान एक दुखद घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में हुई एक विमान दुर्घटना ने पूरे देश को गहरे शोक में डाल दिया है। इस दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी तथा अन्य साथियों के निधन पर प्रधानमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अजित पवार जी ने महाराष्ट्र और देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान और जनकल्याण के लिए उन्होंने सदैव अग्रणी भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और सेवा भावना को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी जैसे संगठन युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को सुदृढ़ करते हैं और भारत के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Tags
देश विदेश