नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय रंगमंच समारोह भारत रंग महोत्सव (बीआरएम) 2026 के 25वें संस्करण का भव्य शुभारंभ मंगलवार शाम नई दिल्ली के मंडी हाउस स्थित नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) में हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने समारोह का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत रंग महोत्सव केवल एक रंगमंच उत्सव नहीं, बल्कि भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं, लोककथाओं और कलात्मक अभिव्यक्तियों को वैश्विक मंच से जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में भारत रंग महोत्सव ने भारतीय रंगमंच को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मंत्री शेखावत ने जोर देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक उत्सव भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को विश्व समुदाय के समक्ष प्रस्तुत करने का कार्य करते हैं और भारत के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण को सकारात्मक रूप से प्रभावित करते हैं। उन्होंने कलाकारों, रंगकर्मियों और आयोजकों को इस महोत्सव को निरंतर ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान देश-विदेश से आए कलाकारों, रंगमंच विशेषज्ञों, सांस्कृतिक प्रतिनिधियों और कला प्रेमियों की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। भारत रंग महोत्सव 2026 के अंतर्गत विभिन्न राज्यों और देशों के नाट्य मंचन, कार्यशालाएं, संगोष्ठियां और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, जो भारतीय और वैश्विक रंगमंच की विविध शैलियों को दर्शाएंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत रंग महोत्सव के 25 वर्ष पूरे होना भारतीय रंगमंच के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। यह महोत्सव आने वाले दिनों में कला, संस्कृति और सृजनात्मक संवाद का एक जीवंत केंद्र बनकर उभरेगा।
Tags
देश विदेश