124 बीघा में बनेगा अत्याधुनिक मुख्यालय
गृह मंत्री ने बताया कि 124 बीघा क्षेत्र में बनने वाले इस मुख्यालय में 750 पुरुष और 450 महिला पुलिसकर्मियों के लिए बैरक, छोटा अस्पताल, प्रशिक्षण केंद्र, फायरिंग रेंज, आधुनिक निगरानी केंद्र और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां पहले सुरक्षा चुनौती थी, वहीं अब सुरक्षा सुदृढ़ करने वाली बटालियन स्थापित की जा रही है।
विपक्ष पर तीखा हमला
श्री शाह ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने असम में “जाति, माटी और भेटी” को क्षति पहुंचाई। उन्होंने कहा कि घुसपैठ के कारण राज्य की जनसांख्यिकी और सांस्कृतिक पहचान पर संकट आया। वर्तमान सरकार द्वारा 1.45 लाख बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि असम को घुसपैठिया-मुक्त बनाना प्राथमिकता है।
लाचित बोरफुकन को सम्मान
गृह मंत्री ने कहा कि लाचित बोरफुकन को उचित सम्मान वर्तमान सरकार में मिला और आज देशभर में उनकी वीरता का गौरव गाया जा रहा है। उन्होंने असम की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता पर जोर दिया।
असम बनेगा इंडस्ट्रियल हब
श्री शाह ने कहा कि अगले पांच वर्षों में असम पूर्वी भारत और पूरे नॉर्थईस्ट का औद्योगिक केंद्र बनेगा। उन्होंने 27,000 करोड़ रुपये के सेमीकंडक्टर प्लांट, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और रोजगार सृजन योजनाओं का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा असम में हाईवे पर सेना के विमान की लैंडिंग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह बदलते असम का प्रतीक है।
गृह मंत्री ने अंत में उग्रवादमुक्त, घुसपैठिया-मुक्त, बेरोजगारी-मुक्त और विकासयुक्त असम बनाने का संकल्प दोहराया।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने असम के कामरूप में असम पुलिस की 10वीं बटालियन के मुख्यालय का शिलान्यास किया और एक जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Tags
देश विदेश