National Highways Authority of India (एनएचएआई) ने राजस्थान में NH-48 पर जयपुर बाईपास जंक्शन के पास फ्लाईओवर और अंडरपास निर्माण के लिए बड़ा कदम उठाया है। इस परियोजना के लिए 130.65 करोड़ रुपये की लागत से अनुबंध मेसर्स मारुति इंफ्राक्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है।
जयपुर का 200 फीट जंक्शन शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां से दिल्ली, अजमेर और शहर के प्रमुख इलाके जैसे मानसरोवर, वैशाली नगर और श्याम नगर जुड़े हुए हैं। भारी ट्रैफिक और घनी आबादी के कारण यहां अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।
इस परियोजना के तहत दो अंडरपास बनाए जाएंगे—एक दिल्ली से मानसरोवर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए और दूसरा मानसरोवर से दिल्ली की ओर आने वाले ट्रैफिक के लिए। इसके अलावा, जयपुर-अजमेर और अजमेर-दिल्ली रूट पर सुगम आवागमन के लिए दो फ्लाईओवर भी बनाए जाएंगे।
फिलहाल इस जंक्शन पर कई दिशाओं से आने वाले वाहनों को ट्रैफिक सिग्नल पर रुकना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी और ईंधन की खपत बढ़ती है। नए फ्लाईओवर और अंडरपास बनने से स्थानीय और हाईवे ट्रैफिक अलग-अलग हो जाएगा, जिससे जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
Tags
देश विदेश