मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा डिजिटल बल, केंद्र सरकार ने लॉन्च किया ‘जननी’ प्लेटफॉर्म

Ministry of Health and Family Welfare ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘जननी’ डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। राष्ट्रीय नवाचार एवं समावेशिता शिखर सम्मेलन के दौरान शुरू किए गए इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य महिलाओं और नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करना है।

‘जननी’ यानी “प्रसवपूर्व, प्रसवोत्तर और नवजात शिशु एकीकृत देखभाल की यात्रा” एक सेवा-आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे प्रजनन आयु की महिलाओं के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए तैयार किया गया है। यह मौजूदा आरसीएच पोर्टल का उन्नत संस्करण है, जो गर्भावस्था से लेकर नवजात शिशु देखभाल और परिवार नियोजन तक सभी सेवाओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करता है।

इस प्लेटफॉर्म की खास बात यह है कि इसमें क्यूआर कोड आधारित डिजिटल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध होंगे, जिससे स्वास्थ्य रिकॉर्ड कहीं भी आसानी से एक्सेस किए जा सकेंगे। साथ ही, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं के लिए ऑटोमैटिक अलर्ट, रियल-टाइम डैशबोर्ड और समयबद्ध निगरानी जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
‘जननी’ को यू-विन और पोषण जैसे राष्ट्रीय प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे विभिन्न योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय और डेटा साझा करना आसान होगा। लाभार्थी आधार, आभा और मोबाइल नंबर के जरिए स्वयं भी पंजीकरण कर सकेंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक इस प्लेटफॉर्म पर 1.34 करोड़ लाभार्थियों का पंजीकरण हो चुका है। इसके अलावा 30 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन, 30 लाख से ज्यादा एमसीएच कार्ड जारी और एक लाख से अधिक बायोमेट्रिक सत्यापन किए जा चुके हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि ‘जननी’ डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

#JananiPlatform #MaternalHealth #ChildHealth #DigitalHealth #HealthMinistry #PregnancyCare #NewbornCare #DigitalIndia #HealthcareIndia #WomenHealth

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने