नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ा फैसला लेते हुए परीक्षा रद्द कर दी गई है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने बढ़ते विवाद और पेपर लीक की पुष्टि के बाद दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की है। इस फैसले से देशभर के करीब 22 लाख अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा में 140 से अधिक प्रश्न मूल प्रश्नपत्र से हूबहू मिलने की पुष्टि हुई, जिसके बाद केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया। पहली बार ऐसा हुआ है जब पूरी NEET परीक्षा को रद्द किया गया है। मामले की जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है और अब तक 17 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में पेपर लीक गिरोह से जुड़े कई मास्टरमाइंड शामिल बताए जा रहे हैं।
एनटीए ने कहा है कि छात्रों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा और न ही कोई अतिरिक्त फीस ली जाएगी। पहले से जमा परीक्षा शुल्क वैध रहेगा। परीक्षा केंद्रों में भी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। नई परीक्षा तिथि अगले 10 दिनों के भीतर घोषित की जाएगी। छात्रों के एडमिट कार्ड भी जल्द जारी किए जाएंगे।
जांच एजेंसियों के मुताबिक राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को सबसे पहले लीक पेपर का सुराग मिला था। इसके बाद सीबीआई और अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने जांच तेज की। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया और कुछ कोचिंग नेटवर्क के माध्यम से पेपर बड़ी रकम लेकर बेचा गया था।
इस घटनाक्रम के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। कई छात्रों ने कहा कि महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया। वहीं सरकार का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए यह फैसला जरूरी था।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस मामले ने देश की परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें सीबीआई जांच और नई परीक्षा तिथि पर टिकी हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि अगली परीक्षा पूरी सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ आयोजित कराई जाएगी।
#NEETUG2026 #PaperLeak #CBI #NTA #BreakingNews #MedicalEntranceExam #NEETExam #EducationNews #IndiaNews
Tags
देश विदेश