देशभर में 9.42 लाख किसानों तक पहुंचा ‘खेत बचाओ अभियान’, मिट्टी संरक्षण पर जोर

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ किसानों के बीच संतुलित उर्वरक उपयोग और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर एक जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। 4 जून 2026 तक इस अभियान से देशभर के 9.42 लाख से अधिक किसान जुड़ चुके हैं।

अभियान के अंतर्गत अब तक 17,834 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें लगभग 6.98 लाख किसानों ने भाग लिया। वहीं 3,698 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 1.57 लाख से अधिक प्रतिभागियों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन तथा वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई।
किसानों को व्यवहारिक जानकारी देने के लिए 8,850 प्रदर्शनों का आयोजन किया गया, जिनमें जैविक एवं वैकल्पिक पोषक स्रोतों के उपयोग तथा समेकित पोषक तत्व प्रबंधन की तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। अभियान में पंचायत स्तर तक जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है और 5,237 पंच, सरपंच एवं जिला परिषद सदस्यों को भी जोड़ा गया है।

इसके अतिरिक्त 9,609 उर्वरक एवं कृषि इनपुट डीलरों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। किसान उत्पादक संगठन (FPO), स्वयं सहायता समूह (SHG) और किसान हित समूह (FIG) भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 60,477 स्थानों पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभियान का संदेश लगभग 3.5 करोड़ लोगों तक पहुंच चुका है। अभियान का मुख्य उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता बढ़ाना, संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देना और भविष्य की पीढ़ियों के लिए कृषि भूमि का संरक्षण करना है।


#KhetBachaoAbhiyan #FarmerNews #AgricultureNews #SoilHealth #SustainableAgriculture #OrganicFarming #BalancedFertilizer #IndianFarmers #KisanSamachar #KrishiSamachar #FPO #AgricultureIndia #Farming #SoilConservation #HindiNews

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने