1 से 30 जून तक चलेगा अभियान, वैज्ञानिक गांव-गांव पहुंचकर किसानों को देंगे आधुनिक खेती और मिट्टी संरक्षण की जानकारी
रायसेन (मध्य प्रदेश)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के ग्राम रमासिया से राष्ट्रव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मिट्टी बचेगी तो खेती बचेगी, किसान मजबूत होगा और देश समृद्ध बनेगा। यह अभियान 1 जून से 30 जून तक पूरे देश में चलाया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि धरती हमारी माता है और उसकी सेहत की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों से संतुलित उर्वरक उपयोग, मिट्टी परीक्षण और सॉयल हेल्थ कार्ड के आधार पर खेती करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अंधाधुंध उपयोग से मिट्टी की उर्वरता कम होती है और उत्पादन पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्रों के विशेषज्ञ, कृषि विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि और कृषि विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक खेती, प्राकृतिक कृषि, जल संरक्षण, उन्नत बीज, फसल विविधीकरण और नई तकनीकों की जानकारी देंगी। साथ ही नकली खाद और कीटनाशकों के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य खेती को लाभकारी बनाना और किसानों की लागत कम करना है। महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा युवाओं को रोजगार और मार्गदर्शन देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप यह अभियान केवल खेत बचाने का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए मिट्टी और कृषि को सुरक्षित रखने का राष्ट्रीय संकल्प है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
खेत बचाओ अभियान, Shivraj Singh Chouhan, Khet Bachao Abhiyan, Soil Health Card, Organic Farming, Agriculture News, Farmers News, Raisen News, Krishi News, PM Modi
#KhetBachaoAbhiyan #ShivrajSinghChouhan #Farmers #Agriculture #SoilHealth #OrganicFarming #KrishiNews #MadhyaPradesh #Raisen #IndiaNews
Tags
देश विदेश