तीहरे हत्याकांड में ग्राम प्रधान समेत तीन आरोपी जेल भेजे गए, मुख्य आरोपी अस्पताल में भर्ती

मेजा ट्रिपल मर्डर केस: ग्राम प्रधान सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी

प्रयागराज, 17 जून। प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के कुकरकटवा गांव में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी हिमांशु यादव का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम प्रधान गुड्डू यादव, निखिल गौतम और अंकित यादव शामिल हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले के मुख्य आरोपी हिमांशु यादव गोली लगने से घायल हो गया था, जिसके चलते उसका उपचार स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में चल रहा है।

गौरतलब है कि सोमवार रात मेजा थाना क्षेत्र के कुकरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई थी। मृतकों में राममिलन गुप्ता, उनके भाई इंद्रजीत तथा अमरावती देवी शामिल थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि जमीन और पेड़ को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस और एसओजी टीम की जांच में मुख्य आरोपी हिमांशु यादव ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस तिहरे हत्याकांड ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है और लोग जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

#Prayagraj #Meja #TripleMurder #CrimeNews #UttarPradesh #PoliceAction #GudduYadav #HimanshuYadav #BreakingNews #PrayagrajCityNews

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने