नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय पी. वी. नरसिम्हा राव की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पी. वी. नरसिम्हा राव ने भारत के इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर में राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य किया और उनकी नीतियों का प्रभाव आज भी देश के विकास में दिखाई देता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि नरसिम्हा राव एक सक्षम प्रशासक, दूरदर्शी नेता और प्रतिष्ठित विद्वान थे। उन्होंने भारत की विविध संस्कृति, भाषाओं और परंपराओं की गहरी समझ रखते हुए देश को आर्थिक और प्रशासनिक मजबूती प्रदान की। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों ने भारत की प्रगति की मजबूत नींव रखी।
पी. वी. नरसिम्हा राव को भारत में आर्थिक सुधारों का प्रमुख सूत्रधार माना जाता है। उनके कार्यकाल में शुरू की गई नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी और वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान मजबूत की। उनकी जयंती पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें याद किया गया तथा उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
Tags
देश विदेश