गांधीनगर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर में ‘PM Family Care Tracker’ पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई तथा पोषण किट का वितरण भी किया। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वर्ष 2014 के बाद विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि ‘PM Family Care Tracker’ जन्म और मृत्यु के आंकड़ों से जुड़कर प्रत्येक बच्चे को एक यूनिक आईडी प्रदान करेगा। इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सकेगा।
गृह मंत्री ने कहा कि यह प्रणाली लाभार्थियों की पहचान, सरकारी योजनाओं की पहुंच और सेवाओं की प्रभावी डिलीवरी से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करेगी। एकीकृत निगरानी व्यवस्था के जरिए जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित कर उन तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पारदर्शी और प्रभावी गरीब कल्याण की नई व्यवस्था स्थापित की है। पिछले 12 वर्षों में करोड़ों गरीबों को आवास, बिजली, शौचालय, नल से जल, मुफ्त राशन, गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अमित शाह ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए व्यापक सुधारों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की निगरानी को और प्रभावी बनाने में ‘PM Family Care Tracker’ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पहल जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी सहायता को अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक तरीके से पहुंचाने में मददगार साबित होगी।
Tags
देश विदेश