केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में AMC के मिशन 5 मिलियन ट्री के तहत सामूहिक वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया "एक पेड़ माँ के नाम" का आह्वान अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि "People, Planet with Progress" के मंत्र के साथ पूरा देश पर्यावरण संरक्षण और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।
गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में एक दिन में लगे एक करोड़ से अधिक पेड़
अमित शाह ने बताया कि केवल गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में ही नागरिकों ने एक दिन में एक करोड़ से अधिक पेड़ लगाए हैं। वहीं अहमदाबाद शहर में 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य भी पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हरित वातावरण, स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और आने वाली पीढ़ियों के लिए रहने योग्य पृथ्वी का निर्माण करना है।
101 ऑक्सीजन पार्कों का हुआ उद्घाटन
गृह मंत्री ने बताया कि अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने एक ही दिन में 101 ऑक्सीजन पार्कों का उद्घाटन किया है। वहीं गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में पहले से मौजूद 12 ऑक्सीजन पार्कों के अलावा 61 नए पार्क शुरू किए गए हैं, जिससे इनकी कुल संख्या 73 हो गई है।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान में जनभागीदारी सबसे बड़ी ताकत है। अहमदाबाद नगर निगम ने नागरिकों के घर तक पौधे पहुंचाने के लिए विशेष वाहन सेवा भी शुरू की है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
2029 तक 20 प्रतिशत हरियाली बढ़ाने का लक्ष्य
अमित शाह ने कहा कि साणंद, गांधीनगर, कलोल और अहमदाबाद ने मिलकर क्षेत्र में 11.23 प्रतिशत हरियाली बढ़ाई है। अब वर्ष 2029 तक इसे 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि यह अभियान भविष्य में अहमदाबाद के तापमान को अन्य शहरों की तुलना में कम से कम 5 प्रतिशत तक कम करने में मददगार होगा।
CAPFs ने सात वर्षों में लगाए सात करोड़ पेड़
गृह मंत्री ने कहा कि देश के केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) ने पिछले सात वर्षों में सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर नागरिक कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाए।
28,492 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उल्लेख
अमित शाह ने कहा कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में अब तक 28,492 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने सोलर रूफटॉप को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक घर और इमारत पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में 325 नई AMTS और BRTS बसें भी शामिल की गई हैं, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और सार्वजनिक परिवहन अधिक पर्यावरण अनुकूल बनेगा।
उन्होंने अंत में नागरिकों से आह्वान किया कि अपनी सोसायटी और आसपास के किसी भी स्थान को बिना पेड़ के न छोड़ें तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वच्छ भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
Amit Shah Ahmedabad, Mission 5 Million Tree, Ek Ped Maa Ke Naam, Amit Shah Tree Plantation, Ahmedabad Oxygen Park, Gujarat News, PM Modi Environment Campaign, Green India, Prayagraj City News
#AmitShah #EkPedMaaKeNaam #TreePlantation #Ahmedabad #Gujarat #Mission5MillionTree #Environment #GreenIndia #PMModi #PrayagrajCityNews
Tags
देश विदेश