प्रयागराज सर्किट हाउस में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में उन्होंने बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने भाजपा संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, विधायक एवं उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष, पूजा पाल, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, सुरेश मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी. के. सिंह, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

जनता दर्शन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि, राजस्व, पुलिस, विकास कार्यों तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे। उप मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से नियमित समीक्षा करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री का यह दौरा जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश सरकार लगातार जनता दर्शन के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने