वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली, उपराष्ट्रपति ने दिखाई हरी झंडी

राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को नई दिल्ली में सांसदों और जन प्रतिनिधियों की ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली आयोजित की गई। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भारत मंडपम से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली भारत मंडपम से शुरू होकर मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम तक पहुंची।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि वंदे मातरम ने मातृभूमि के प्रति प्रेम को राष्ट्रीय कर्तव्य में बदलने का काम किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों के लिए साहस, बलिदान और आशा का प्रतीक बना। इसके अमर शब्दों ने अनेक स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरित किया।

उपराष्ट्रपति ने अपनी हालिया अंडमान और निकोबार यात्रा का उल्लेख करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप और ऐतिहासिक सेलुलर जेल से जुड़ी स्मृतियों को याद किया। उन्होंने 1943 में नेताजी द्वारा तिरंगा फहराने और सेलुलर जेल में बंद स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कई स्वतंत्रता सेनानियों ने ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ देश के लिए अपना जीवन न्योछावर किया।

उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में तमिलनाडु के नेताओं और सेनानियों के योगदान को भी याद किया। राष्ट्रीय कवि सुब्रमण्यम भारती, वी.ओ. चिदंबरम पिल्लई, सुब्रमण्यम शिव, तिरुप्पुर कुमारन और वंचिनाथन जैसे लोगों ने वंदे मातरम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2022 में शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब जन आंदोलन बन चुका है। देशभर में नागरिक तिरंगा यात्राओं, बाइक और साइकिल रैलियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान में भाग ले रहे हैं।

उन्होंने सांसदों और जन प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को बढ़ावा देने तथा लोगों को गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

रैली में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजीव रंजन सिंह, वीरेंद्र कुमार, जी. किशन रेड्डी, किरेन रिजिजू और जितेंद्र सिंह सहित सांसद एवं अन्य जन प्रतिनिधि शामिल हुए।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने