नई दिल्ली। भारत के हथकरघा क्षेत्र को आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप मजबूत बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय हथकरघा डिजाइनर सम्मेलन 2026 का आयोजन नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में किया गया। सम्मेलन में डिजाइनरों, बुनकरों, फैशन विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, निर्यातकों, खुदरा विक्रेताओं और नीति-निर्माताओं ने हिस्सा लिया।
वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने कहा कि हथकरघा क्षेत्र देश में 35 लाख से अधिक लोगों को आजीविका प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि 29 बुनकर सेवा केंद्र और 357 हथकरघा क्लस्टर विकास कार्यक्रम उत्पादन, कौशल और बाजार संपर्क को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं।
सम्मेलन में आठ राज्यों के नौ हथकरघा क्लस्टरों के अभिनव उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं राष्ट्रीय हथकरघा डिजाइन प्रतियोगिता 2026 के विजेता क्लस्टर डिजाइनरों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डिजाइन नवाचार, बाजार प्रतिस्पर्धा, सतत क्लस्टर विकास, ब्रांडिंग, निर्यात और तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि पारंपरिक बुनाई को आधुनिक डिजाइन और बदलती उपभोक्ता मांग से जोड़कर बुनकरों की आय तथा भारतीय हथकरघा उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाई जा सकती है।
Tags
देश विदेश