लखनऊ में BRICS देशों के सांख्यिकी प्रमुखों की बैठक संपन्न

लखनऊ में BRICS देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों के प्रमुखों की बैठक संपन्न

लखनऊ, 4 अगस्त 2026। ब्रिक्स सदस्य देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों (NSO) के प्रमुखों की दो दिवसीय बैठक मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संपन्न हुई। बैठक का विषय “परिवर्तन के प्रेरक के रूप में गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी” रहा। यह कार्यक्रम ब्रिक्स के व्यापक विषय “सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास” के अनुरूप आयोजित किया गया। इसमें 350 से अधिक प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, तकनीकी विशेषज्ञों और नागरिक समाज संगठनों ने भाग लिया।

बैठक के तकनीकी सत्र में आधुनिक सर्वेक्षण पद्धतियों और डिजिटल डेटा संग्रह पर चर्चा हुई। भारत ने पेपर आधारित सर्वेक्षण से डिजिटल सर्वेक्षण उपकरण ई-सिग्मा की ओर बढ़ने के अपने अनुभव साझा किए। वहीं मिस्र ने आधिकारिक आंकड़ों के निर्माण में भू-स्थानिक तकनीक के उपयोग की जानकारी दी। सर्वेक्षणों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और प्रशासनिक डेटा के उपयोग पर भी जोर दिया गया।

एक अन्य सत्र में व्यापक आर्थिक और क्षेत्रीय सांख्यिकी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। भारत ने राष्ट्रीय लेखा प्रणाली 2025 (2025 SNA) को लागू करने के लिए अपना रोडमैप प्रस्तुत किया। चीन ने 2025 SNA के कार्यान्वयन की प्रगति, जबकि ब्राजील ने ई-कॉमर्स और अन्य ऑनलाइन स्रोतों से वैकल्पिक डेटा के उपयोग के अनुभव साझा किए।

बैठक के दौरान भारत के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय और BPS-Statistics Indonesia के बीच आधिकारिक सांख्यिकी, क्षमता निर्माण और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आशय पत्र (LOI) पर हस्ताक्षर किए गए।

कार्यक्रम में AI-Ready Public Data Systems पर भी चर्चा हुई। इसमें जिम्मेदार AI के उपयोग, डेटा गवर्नेंस, अंतरसंचालनीयता, मेटाडेटा मानकों और क्षमता निर्माण को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक का समापन BRICS संयुक्त वक्तव्य को अपनाने के साथ हुआ। संयुक्त वक्तव्य को आधिकारिक सांख्यिकी व्यवस्था को अधिक मजबूत, पारदर्शी और नीति-प्रासंगिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने