एथेनॉल से किसानों की आय बढ़ाने और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से किसान नेताओं की चर्चा
नई दिल्ली, 4 अगस्त 2026। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मंगलवार को अखिल भारतीय किसान समन्वय समिति (AIKCC) के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। कृषि भवन में हुई बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से आए किसान नेताओं ने एथेनॉल नीति, किसानों की आय, एमएसपी, बाजार और राष्ट्रीय कृषि नीति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
किसान नेताओं ने कहा कि एथेनॉल खेती के लिए एक बड़ा अवसर बन सकता है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गन्ना, मक्का, चावल और अन्य फसलों से एथेनॉल उत्पादन बढ़ने से किसानों को अपनी उपज के लिए नए बाजार मिल सकते हैं।
बैठक में किसानों ने एथेनॉल को लेकर सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर फैल रही गलतफहमियों को दूर करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। किसान नेताओं ने सरकार और किसान संगठनों से मिलकर तथ्य आधारित जानकारी किसानों तक पहुंचाने की मांग की।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान प्रतिनिधियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उनके सुझावों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि एथेनॉल कार्यक्रम से किसानों की आय और देश की ऊर्जा सुरक्षा दोनों मजबूत हों। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए नीति संबंधी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
श्री चौहान ने कहा कि किसान उनके लिए भगवान के समान हैं और किसानों के लिए कृषि भवन के द्वार हमेशा खुले हैं। उन्होंने किसान संगठनों को सरकार के साथ नीति निर्माण में साझेदार बताते हुए कहा कि एथेनॉल के क्षेत्र में ऐसा ढांचा तैयार किया जाना चाहिए, जिससे किसान, देश और ऊर्जा सुरक्षा तीनों मजबूत हों।
बैठक में पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु सहित कई राज्यों के किसान नेता शामिल हुए। प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के बाद गांव-गांव जाकर किसानों को एथेनॉल के संबंध में तथ्यात्मक जानकारी देने और किसान हित में जागरूकता बढ़ाने की बात कही।

एथेनॉल, शिवराज सिंह चौहान, किसान, AIKCC, कृषि समाचार, किसानों की आय, एथेनॉल नीति, मक्का, गन्ना