भारतीय रेल का ऐतिहासिक कारनामा: वंदे भारत एक्सप्रेस से पहली बार जीवित हृदय का सफल परिवहन, अहमदाबाद में होगा प्रत्यारोपण

 

भारतीय रेल ने रचा इतिहास, वंदे भारत एक्सप्रेस से पहली बार जीवित हृदय का सफल परिवहन

नई दिल्ली/अहमदाबाद। भारतीय रेल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से जीवित हृदय (Live Heart) का सफल परिवहन किया। यह जीवनरक्षक अभियान सूरत से अहमदाबाद के बीच संचालित मुंबई सेंट्रल–गांधीनगर कैपिटल वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20901) के जरिए पूरा किया गया। समय पर सुरक्षित पहुंचाए गए इस हृदय का प्रत्यारोपण यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर, अहमदाबाद में किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण मिशन में भारतीय रेल, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), गुजरात पुलिस और चिकित्सा टीमों के बीच शानदार समन्वय देखने को मिला। हृदय को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से अस्पताल तक पहुंचाने के लिए विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, जिससे अंग निर्धारित समय के भीतर अस्पताल पहुंच सका और प्रत्यारोपण प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी नहीं हुई।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि यह भारतीय रेल के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि ऐसे जीवनरक्षक मिशनों में हर सेकंड की अहमियत होती है और भारतीय रेल, RPF, गुजरात पुलिस तथा चिकित्सा टीमों के उत्कृष्ट समन्वय ने इस अभियान को सफल बनाया। उन्होंने इसे सेवा और मानवता के प्रति भारतीय रेल की सर्वोच्च प्रतिबद्धता बताया।

वंदे भारत एक्सप्रेस की तेज गति, समयपालन और विश्वसनीयता इस मिशन की सफलता की सबसे बड़ी ताकत साबित हुई। इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि भारतीय रेल अब केवल यात्रियों और माल परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और अंग प्रत्यारोपण जैसे संवेदनशील अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में सक्षम है।


इस ऐतिहासिक मिशन की सफलता में भारतीय रेल के विभिन्न विभागों, RPF, गुजरात पुलिस, चिकित्सकों, अंग प्रत्यारोपण समन्वयकों और अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का अहम योगदान रहा। सभी एजेंसियों के त्वरित और प्रभावी समन्वय के कारण यह चुनौतीपूर्ण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका।

भारतीय रेल की यह उपलब्धि न केवल उसकी आधुनिक और विश्वसनीय सेवाओं को दर्शाती है, बल्कि मानव जीवन की रक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी एक प्रेरणादायक उदाहरण है।


#IndianRailways #VandeBharat #LiveHeart #HeartTransplant #Ahmedabad #Surat #RPF #GujaratPolice #HealthNews #PrayagrajCityNews

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने