सूरत में 89वें ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन, 50 लाख से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा


 केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने किया नेतृत्व, युवाओं को दिलाई नशा मुक्त भारत की शपथ

फिट इंडिया अभियान के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ का 89वां संस्करण रविवार को देशभर में आयोजित किया गया। इस बार कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ रही। देशभर के 25 हजार से अधिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 50 लाख से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया। गुजरात के सूरत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने प्रतिभागियों के साथ नशा मुक्त रहने की शपथ ली और युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। सूरत में कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल प्रतिमा, मंगध चौक से हुई। यहां प्रतिभागियों ने योग, जुम्बा और विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके बाद साइकिल यात्रा सारथाना चिड़ियाघर की ओर रवाना हुई।


डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान से देशभर में साइकिलिंग को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ आबादी विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए जरूरी है। साइकिल चलाने से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ प्रदूषण और ईंधन की खपत कम करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से साइकिलिंग को केवल रविवार तक सीमित न रखने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। विशेष रूप से आसपास के कार्यस्थलों तक आने-जाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल करने पर जोर दिया।


कार्यक्रम में कई नामचीन खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। इनमें पद्म श्री और खेल रत्न से सम्मानित अचंता शरथ कमल, अर्जुन पुरस्कार विजेता सरिता मोर, राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता हरमीत देसाई, शिवानी पवार और राहुल मान शामिल रहे। फिटनेस से जुड़े कई अन्य लोगों और प्रभावशाली व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।


नई दिल्ली में शिक्षक दिवस की थीम


इसी अवसर पर नई दिल्ली के मेजर ध्यान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन शिक्षक दिवस की विशेष थीम के साथ किया गया। कार्यक्रम में करीब एक हजार छात्रों, युवाओं और फिटनेस प्रेमियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान युवाओं के जीवन और करियर को दिशा देने वाले शिक्षकों और प्रशिक्षकों के योगदान को सम्मानित किया गया। ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, राहगिरी फाउंडेशन और माय भारत के सहयोग से किया जाता है। यह अभियान देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ आयोजित किया जाता है। देशभर में 6,000 से अधिक नमो फिट इंडिया क्लब भी प्रत्येक सप्ताह साइकिलिंग गतिविधियों का आयोजन करते हैं।


#SundayOnCycle #FitIndia #NashaMuktBharat #NashaMuktYuva #ViksitBharat #ManSukhMandaviya #HarshSanghvi #Cycling #FitIndiaMovement #YouthPower #HealthyIndia #Surat #SportsNews #TeacherDay #Fitness #IndiaNews #युवाशक्ति #नशामुक्तभारत #विकसितभारत

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने