भारत-रूस के बीच यात्री विमानों के संयुक्त निर्माण की तैयारी

 

नई दिल्ली। भारत और रूस ने नागरिक विमानन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दोनों देशों के बीच भारत में यात्री विमानों के संयुक्त निर्माण और भारतीय विमानन कंपनियों के लिए 105 क्षेत्रीय टर्बोप्रॉप विमानों की संभावित आपूर्ति को लेकर चर्चा हुई है। नई दिल्ली में नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू और रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्री एंटोन अलिखानोव के बीच हुई बैठक में भारत की बढ़ती क्षेत्रीय हवाई संपर्क जरूरतों को पूरा करने के लिए देश में नागरिक यात्री विमानों के संयुक्त निर्माण की संभावनाओं पर विचार किया गया। प्रस्तावित सहयोग में पिनेकल एयर, एयर केरल और स्लीक एविएशन जैसी भारतीय विमानन कंपनियों के लिए 105 क्षेत्रीय टर्बोप्रॉप विमानों की संभावित आपूर्ति भी शामिल है। रूस ने ‘इनोप्रोम इंडिया’ कार्यक्रम के दौरान अपने क्षेत्रीय एसजे-100, एमसी-21 और आईएल-114-300 विमानों को भी प्रदर्शित किया।

भारत की हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड और रूस की यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन पहले ही भारत में सुपरजेट एसजे-100 यात्री विमान के लाइसेंस के तहत संयुक्त निर्माण और रखरखाव को लेकर प्रारंभिक समझौता कर चुकी हैं। बैठक के दौरान भारत में विमान निर्माण से जुड़े समझौता ज्ञापन की प्रगति पर भी चर्चा हुई। नागर विमानन मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय हवाई संपर्क में बड़ी संभावनाओं को देखते हुए भारत-रूस संबंधों को केवल विमान खरीद-बिक्री तक सीमित रखने के बजाय संयुक्त निर्माण और व्यापक औद्योगिक सहयोग की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

यह सहयोग भारत में विमान निर्माण क्षमता बढ़ाने, क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत करने और नागरिक विमानन क्षेत्र में नई औद्योगिक संभावनाएं विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। दो दिवसीय ‘इनोप्रोम इंडिया’ कार्यक्रम नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारत और रूस की 120 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं।

भारत और रूस के बीच यात्री विमानों के संयुक्त निर्माण पर चर्चा

#IndiaRussia #PassengerAircraft #AircraftManufacturing #AviationNews #IndiaAviation #RussiaIndiaRelations #RegionalConnectivity #SJ100 #CivilAviation #MakeInIndia

भारत रूस संबंध, यात्री विमान, विमान निर्माण, भारत रूस विमान सौदा, 105 टर्बोप्रॉप विमान, नागरिक विमानन, क्षेत्रीय हवाई संपर्क, SJ-100, HAL, INNOPROM India

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने