5G और 6G विकास के लिए 110 परियोजनाओं को मंजूरी, 304.70 करोड़ रुपये जारी
TTDF के तहत 5जी और 6जी तकनीक पर जोर
भारत में 5जी और 6जी तकनीक के विकास को गति देने के लिए दूरसंचार प्रौद्योगिकी विकास निधि (TTDF) के तहत 110 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के लिए कुल 304.70 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह जानकारी 30 जून 2025 तक की स्थिति के आधार पर दी गई है।
दूरसंचार प्रौद्योगिकी विकास निधि योजना की शुरुआत 1 अक्टूबर 2022 को की गई थी। इसका उद्देश्य दूरसंचार क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास और नवाचार को बढ़ावा देना है। योजना के माध्यम से शिक्षा जगत, स्टार्ट-अप, एमएसएमई, शोध संस्थानों और उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
1 से 5 साल की अवधि वाली परियोजनाएं
TTDF के अंतर्गत मंजूर 5जी और 6जी से संबंधित परियोजनाओं की अवधि 1 से 5 वर्ष तक है। ये परियोजनाएं फिलहाल विकास के शुरुआती चरणों में हैं।
योजना के तहत 5जी और 6जी तकनीक को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में सरकारी और निजी संस्थानों, एमएसएमई तथा स्टार्ट-अप सहित अन्य संस्थाओं को वित्तीय सहायता दी जा रही है। इसका उद्देश्य देश में मजबूत और स्वदेशी दूरसंचार तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है।
यह जानकारी संचार और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।