प्रयागराज में आज फिर बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी
प्रयागराज। संगम नगरी में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच शनिवार 26 सितंबर को भी मौसम बिगड़ा हुआ है। सुबह से आसमान में बादल छाए हैं और कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज लगभग सभी स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। इसके साथ तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक और कुछ समय में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
प्रयागराज में भारी बारिश का खतरा
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं कहीं-कहीं गरज-चमक, वज्रपात और झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है। पिछले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश भी हुई। प्रयागराज जिले के बारा क्षेत्र में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रयागराज के पीबीओ केंद्र पर 6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान में भी आई गिरावट
बारिश के कारण प्रयागराज मंडल में दिन के तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 2.1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज मंडल का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। इससे गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन लगातार बारिश के कारण सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
27 सितंबर को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चल सकती है, जिसके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
28 सितंबर के बाद राहत के संकेत
28 और 29 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। 2 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
प्रयागराज में फिलहाल बारिश का दौर जारी रहने के कारण लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी पर नजर रखने और तेज बारिश, बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।
Tags
Prayagraj