प्रयागराज के मेजा में ‘विकसित भारत–सेवा, सुशासन एवं समृद्धि’ पर पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी संपन्न, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से यूपी में खुले 2 करोड़ डिजिटल खाते

प्रयागराज। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा ‘इंटीग्रेटेड कम्युनिकेशन एंड आउटरीच प्रोग्राम (ICOP)’ के तहत प्रयागराज जिले की मेजा तहसील स्थित पंडित कृपाशंकर तिवारी महाविद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी, कार्यशाला एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत – सेवा, सुशासन एवं समृद्धि’ तथा ‘गणतंत्र दिवस’ विषय पर 24 से 28 जनवरी 2026 तक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित विशेष संगोष्ठी में प्रयागराज परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री राजीव उमराव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने डाक विभाग द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों एवं नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी। श्री उमराव ने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से उत्तर प्रदेश में डिजिटल प्रक्रिया द्वारा 2 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले जा चुके हैं, जो वित्तीय समावेशन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि आज भारतीय डाक केवल पत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, पासपोर्ट एवं आधार सेवाओं, बैंकिंग और बीमा सेवाओं के माध्यम से आम जनता को व्यापक सुविधाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने ‘विकसित भारत’ योजना की जानकारी साझा करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और पारदर्शी व्यवस्था के तहत रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
विशिष्ट अतिथि श्री अशोक नाथ तिवारी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो के निदेशक श्री दिलीप कुमार शुक्ल ने कहा कि जागरूक नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वंदे मातरम् का गायन तथा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसे हजारों स्थानीय लोगों एवं छात्रों ने देखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने