प्रयागराज: National Cadet Corps (एनसीसी) ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज के तत्वावधान में 15 यूपी बटालियन के नेतृत्व में Nehru Gram Bharati University, जमुनीपुर परिसर में ‘बी’ प्रमाणपत्र की प्रायोगिक परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
इस परीक्षा में 1 यूपी सीटीआर, 2 यूपी आर्टी बैटरी, 6 यूपी गर्ल्स बटालियन तथा 17 यूपी बटालियन के कैडेट्स ने उत्साह, अनुशासन और सैन्य गरिमा के साथ सहभागिता की।
प्रायोगिक परीक्षा के दौरान कैडेट्स का मूल्यांकन ड्रिल, शस्त्र संचालन, मैप रीडिंग, कम्युनिकेशन और फील्ड क्राफ्ट जैसे महत्वपूर्ण सैन्य विषयों पर किया गया। कैडेट्स ने अपने उत्कृष्ट प्रशिक्षण, दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासित व्यवहार का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
परीक्षा के निरीक्षण हेतु 15 यूपी बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल राहुल दुबे एवं 60 यूपी बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल योगेंद्र चिनवान उपस्थित रहे। उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कैडेट्स के प्रदर्शन को प्रेरणादायक बताया।
पूरी परीक्षा प्रक्रिया एनसीसी के निर्धारित मानकों और सैन्य अनुशासन के अनुरूप शांत, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. कृपा शंकर यादव, प्रशिक्षक मयंक यादव तथा 15 यूपी बटालियन के अधिकारी—सूबेदार राजेंद्र कुमार (प्रशिक्षण जेसीओ), नायब सूबेदार अनिल सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि कल इसी परीक्षा केंद्र पर कैडेट्स की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी कैडेट्स को निर्देशित किया गया है कि वे प्रातः 08:00 बजे तक पूर्ण गणवेश में परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।
#ncc #nccnews #prayagraj
Tags
Prayagraj