26 साल बाद बहन ने प्रयागराज आकर चारों भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, भावुक हुआ परिवार

प्रयागराज। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के प्रेम की एक भावुक तस्वीर प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र के कौड़िहार के दासापुर में देखने को मिली। यहां सत्य नारायण सिंह गद्दोपुर गांव की छह बेटियों में से एक सीमा सिंह ने शादी के करीब 26 साल बाद पहली बार अपने चारों भाइयों की कलाई पर अपने हाथों से राखी बांधी। इस खास मौके पर परिवार के बीच खुशी और भावुकता का माहौल रहा।

जानकारी के अनुसार, सीमा सिंह का विवाह करीब 26 वर्ष पहले दिल्ली में हुआ था। विवाह के बाद वह दिल्ली में रहने लगीं। शादी के बाद से रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपने भाइयों को राखी भेजती रही हैं। कभी राखी कूरियर के माध्यम से, तो कभी किसी परिचित या अन्य व्यक्ति के हाथों राखी भाइयों तक पहुंचती थी। लेकिन इस बार परिस्थितियां कुछ अलग थीं।

सीमा सिंह इस बार ऑपरेशन कराने के लिए प्रयागराज आई थीं। इसी दौरान उन्होंने मन में ठान लिया कि इस बार रक्षाबंधन पर वह अपने भाइयों को राखी भेजेंगी नहीं, बल्कि खुद उनके पास जाकर अपनी आंखों के सामने राखी बांधेंगी।

सीमा ने अपने परिवार से कहा कि “अबकी बार सब भाइयों को राखी बांधकर ही जाऊंगी।” इसके बाद रक्षाबंधन के दिन उन्होंने अपने चारों भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। करीब 26 साल बाद बहन के हाथों राखी बंधवाने का यह पल भाइयों और पूरे परिवार के लिए बेहद खास रहा।

रक्षाबंधन के इस मिलन ने परिवार की पुरानी यादों को भी ताजा कर दिया। लंबे समय बाद बहन और भाइयों का यह मिलन भावनात्मक होने के साथ-साथ भाई-बहन के अटूट रिश्ते की खूबसूरत मिसाल बन गया।

प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में रक्षाबंधन का यह पारिवारिक मिलन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

#PrayagrajNews #Phaphamau #Gaddopur #RakshaBandhan2026 #Rakhi #SeemaSingh #BrotherSisterLove #Prayagraj #UPNews #RakshaBandhan #EmotionalStory #LocalNews

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने