प्रयागराज। ऊं जय मां विंध्यवासिनी पद यात्रा समिति के तत्वावधान में मां विंध्यवासिनी की 42वीं जन्मोत्सव शोभायात्रा शुक्रवार को धूमधाम और भक्तिमय माहौल के बीच निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पदयात्री शामिल हुए। इस दौरान श्रृंगार रथ पर विराजमान मां विंध्यवासिनी के भक्तों ने दर्शन किए और जगह-जगह आरती उतारकर मां का आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत समिति के अध्यक्ष नीरज केसरवानी द्वारा मां विंध्यवासिनी देवी को श्रृंगार रथ पर विराजमान कर विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने मां विंध्यवासिनी की आरती और पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। वहीं सह संरक्षक राजेश केसरवानी ने नारियल फोड़कर यात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा के व्यवस्थापक घनश्याम गुप्ता ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और पदयात्रियों का चुनरी पहनाकर स्वागत किया। शोभायात्रा में डीजे, बैंड, ढोल-नगाड़े और भांगड़ा के साथ धर्म ध्वज-पताकाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा मां विंध्यवासिनी देवी की दर्जनों झांकियां भी शामिल रहीं।
शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी की आरती उतारी और पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
शोभायात्रा मुट्ठीगंज से शुरू होकर रामभवन, कोठापारचा, बैहराना और नैनी होते हुए विंध्याचल धाम के लिए रवाना हुई। इस दौरान सैकड़ों पदयात्रियों ने यात्रा में भाग लिया।
कार्यक्रम में व्यवस्थापक घनश्याम गुप्ता के अलावा बृजेश जायसवाल, राजेश केसरवानी, अजय अग्रहरि, मनीष जायसवाल, किशन चंद्र जायसवाल, रिंकू जायसवाल, आकाश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पदयात्री मौजूद रहे।
Tags
Prayagraj