2036 ओलंपिक के लिए भारत की तैयारी तेज, खेल प्रतिभाओं की पहचान पर जोर
नई दिल्ली। भारत ने 2036 ओलंपिक के लिए मजबूत खेल प्रतिभा आधार तैयार करने की दिशा में अपनी तैयारियां तेज करने पर जोर दिया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की 63वीं शासी निकाय बैठक की अध्यक्षता करते हुए देशभर में प्रतिभा पहचान प्रक्रिया को व्यापक और तेज बनाने का आह्वान किया। डॉ. मांडविया ने कहा कि भारत की अगले दशक की खेल महत्वाकांक्षाओं के लिए अभी से ठोस आधार तैयार करना जरूरी है। उन्होंने साई से ऐसी व्यवस्थित प्रतिभा खोज प्रणाली विकसित करने को कहा, जिसके माध्यम से भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखने वाले खिलाड़ियों की पहचान की जा सके।
उन्होंने प्रतिभा पहचान के लिए दो चरणों वाली प्रक्रिया पर जोर दिया। पहले राज्य और जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चिन्हित किया जाए। इसके बाद उनकी क्षमता, फिटनेस, जुनून, समर्पण और अगले स्तर तक पहुंचने की योग्यता का आकलन किया जाए। खेल प्रतिभाओं की खोज में स्कूलों, जिलों और कॉलेजों को शामिल करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसका उद्देश्य एक व्यापक प्रतिभा भंडार तैयार करना है, जिसे आगे चलकर स्पोर्ट्स स्कूलों और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रणालियों से जोड़ा जा सके।
बैठक में प्रशिक्षण व्यवस्था के विस्तार के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल विकसित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। राज्य और जिला स्तर पर चुने गए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त खेल अकादमियों से जोड़ा जा सकेगा। इसके अलावा, खेल क्षेत्र में कॉरपोरेट और सीएसआर भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इससे देश में प्रशिक्षण सुविधाओं और खेल अकादमियों का व्यापक नेटवर्क विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बैठक में राष्ट्रीय कोच मान्यता बोर्ड की स्थापना को मंजूरी दी गई। यह बोर्ड कोचों की मान्यता और विकास के लिए व्यवस्थित ढांचा तैयार करेगा। साई में प्रतिनियुक्ति के आधार पर सहायक कोच के पद पर नियुक्ति से संबंधित भर्ती नियमों में संशोधन को भी मंजूरी दी गई।
2036 Olympics, Mansukh Mandaviya, SAI, Sports Talent, Khelo India, Indian Sport
