सड़कों पर भरा पानी, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात; रेल सेवाएं भी प्रभावित
जापान। जापान के कई हिस्सों में मंगलवार को मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। खास तौर पर टोकाई क्षेत्र में भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात देखने को मिले। नागोया में एक घंटे के दौरान 101.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो शहर में एक घंटे की बारिश का नया रिकॉर्ड है। भारी बारिश के कारण नागोया समेत आसपास के क्षेत्रों में सड़कें पानी में डूब गईं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कई सड़कें पूरी तरह जलमग्न दिखाई दे रही हैं। कुछ स्थानों पर वाहन पानी में फंसे नजर आए। जापान के आइची और गिफू प्रांतों में लिनियर रेनबैंड बनने के कारण कम समय में अत्यधिक बारिश हुई। मौसम विभाग ने लोगों को बाढ़ और भूस्खलन समेत बारिश से जुड़ी अन्य आपदाओं के खतरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
नागोया में भारी बारिश के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई ट्रेन सेवाएं रोकनी पड़ीं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टोकाइडो शिंकानसेन की सेवाएं भी अस्थायी रूप से प्रभावित हुईं।
मौसम विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश की आशंका जताई है। टोक्यो, सैतामा, कानागावा, चिबा और इबाराकी समेत कांटो क्षेत्र के कई हिस्सों में भी बारिश से जुड़ी आपदाओं का खतरा बढ़ने की चेतावनी दी गई है।
#Japan #JapanRain #HeavyRain #JapanFlood #Nagoya #JapanNews #HeavyRainfall #Flood #जापान #भारीबारिश #बाढ़ #नागोया #जापानन्यूज