रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रीलंका में रहने वाले भारतीय समुदाय को भारत और श्रीलंका के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों के बीच दोस्ती और आपसी संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
राजनाथ सिंह तीन दिवसीय श्रीलंका दौरे पर कोलंबो पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत संकट की परिस्थितियों में हमेशा श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
रक्षा मंत्री ने भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों की चर्चा करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते केवल कूटनीतिक नहीं हैं, बल्कि साझा इतिहास, संस्कृति, आस्था और सभ्यतागत जुड़ाव पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक संबंध द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत आधार प्रदान करते हैं।
भारत की आर्थिक प्रगति का किया उल्लेख
राजनाथ सिंह ने भारत में हो रहे तेज आर्थिक बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक आर्थिक विकास में 16 प्रतिशत से अधिक योगदान दे रहा है।
उन्होंने बताया कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था ने 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज की है।
रक्षा मंत्री ने भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय व्यापार का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, भारत ने पिछले 12 वर्षों में 38 देशों के साथ व्यापार समझौते किए हैं। इनमें आठ प्रमुख देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते यानी एफटीए भी शामिल हैं।
भारत-यूरोपीय संघ एफटीए को बताया महत्वपूर्ण
राजनाथ सिंह ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे सभी समझौतों की जननी करार दिया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारत को यूरोपीय संघ के विशाल बाजार तक पहुंच मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत की बढ़ती आर्थिक और कूटनीतिक क्षमता को भी दर्शाता है। राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक विश्वसनीयता में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बात को दुनिया गंभीरता से सुनती है।
वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व
राजनाथ सिंह श्रीलंका दौरे के दौरान रक्षा और विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
श्रीलंका पहुंचने पर बंदरनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर श्रीलंका के उप रक्षा मंत्री सेवानिवृत्त मेजर जनरल अरुणा जयसेकरा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया।
