एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे अगले वायुसेना प्रमुख, 31 अक्टूबर को संभालेंगे पद

 नई दिल्ली: एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह देश के 29वें वायुसेना प्रमुख (CAS) होंगे। वर्तमान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह के 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित उसी दिन नए वायुसेना प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित वर्तमान में वायुसेना के उपप्रमुख के पद पर कार्यरत हैं। उनका जन्म 9 दिसंबर 1966 को हुआ था और उन्हें 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था।

3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को विभिन्न प्रकार के लड़ाकू और अन्य विमानों पर 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। उन्होंने मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करणों, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस जैसे विमानों पर उड़ान भरी है। वह प्रायोगिक परीक्षण पायलट और योग्य उड़ान प्रशिक्षक भी हैं। लगभग चार दशक के सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण परिचालन और स्टाफ पदों पर जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ में चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ टू द चेयरमैन, चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी और एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल एयर कमांड जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।


कई सैन्य अभियानों में निभाई अहम भूमिका

एयर मार्शल दीक्षित ने ऑपरेशन सटेड सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर सहित विभिन्न सैन्य अभियानों एवं अभ्यासों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने पश्चिमी क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू वायुसेना स्टेशन और दक्षिणी क्षेत्र में प्रमुख लड़ाकू प्रशिक्षण स्टेशन की कमान भी संभाली। उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वायु सेना मेडल (2006), विशिष्ट सेवा मेडल (2011), अति विशिष्ट सेवा मेडल (2023) और परम विशिष्ट सेवा मेडल (2026) से सम्मानित किया गया है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित के वायुसेना प्रमुख बनने के साथ भारतीय वायुसेना के नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने