प्रयागराज। सरायइनायत थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में तेंदुए की मौजूदगी की खबर से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले चार-पांच दिनों से आंगनबाड़ी केंद्र और पोल्ट्री फार्म के बीच स्थित झाड़ियों में तेंदुआ देखा जा रहा है। रविवार रात एक बुजुर्ग दंपती ने भी तेंदुआ देखने का दावा किया।
बताया गया कि रविवार रात पोल्ट्री फार्म के पास रहने वाले बुजुर्ग रज्जू और उनकी पत्नी की नजर तेंदुए पर पड़ी। तेंदुआ दिखाई देने के बाद दोनों शोर मचाते हुए घर के अंदर चले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। इससे पहले 30 सितंबर को भी कोटवा के प्राथमिक विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में रसोइया का सामना तेंदुए से होने की बात सामने आई थी। रसोइया घबराकर भागने के दौरान गिरकर घायल हो गई थी। इसके बाद तेंदुआ दीवार फांदकर पास की झाड़ियों में चला गया था। सोमवार को वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वन दारोगा ने आसपास के क्षेत्र में वन्यजीव के पदचिह्नों की जांच की। हालांकि मौके पर तेंदुए के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिले। वन रेंजर ने ग्रामीणों को एहतियात बरतने और अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। खासकर सुबह और शाम के समय सावधानी बरतने को कहा गया है।
लगातार तेंदुआ देखे जाने के दावों के कारण आंगनबाड़ी केंद्र और उसके आसपास रहने वाले लोगों में चिंता बनी हुई है। वन विभाग क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है।
