दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू, पात्र नागरिकों को मिलेगा रूपये 10 लाख तक का मुफ्त इलाज
नई दिल्ली। दिल्ली के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) राजधानी में लागू कर दी गई। शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में दिल्ली सरकार और नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) के बीच समझौता (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही दिल्ली देश का 35वां राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बन गया, जहां आयुष्मान भारत योजना लागू हो गई।
इस योजना के लागू होने के बाद पात्र लाभार्थियों को रुपये 10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले लाभ के साथ-साथ दिल्ली सरकार द्वारा घोषित अतिरिक्त स्वास्थ्य सुरक्षा का प्रावधान भी शामिल है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार के अनुसार, योजना के अंतर्गत पात्र परिवार सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से विभिन्न गंभीर बीमारियों, ऑपरेशन और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं का लाभ बिना नकद भुगतान के लिया जा सकेगा।
इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का उद्देश्य देश के प्रत्येक पात्र नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने और जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि राजधानी में इस योजना के लागू होने से लाखों पात्र परिवारों को महंगे इलाज का आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलेगी। सरकार ने पात्र नागरिकों से योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण और आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की है।