भारत पर्व 2026: लाल किले में झारखंड की प्रामाणिक खुशबू और स्वाद से रूबरू हो रहे देश-विदेश के पर्यटक

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किले में आयोजित 25वें भारत पर्व के अवसर पर झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और पाक विरासत देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत की जा रही है। झारखंड पर्यटन के तत्वावधान में इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) रांची द्वारा लगाए गए विशेष स्टॉल ने आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।

इस स्टॉल पर झारखंड के प्रतिष्ठित, प्रामाणिक और सदियों पुराने पारंपरिक व्यंजनों को पेश किया जा रहा है, जिनमें स्वदेशी और मोटे अनाज से बने स्वास्थ्यवर्धक पकवान प्रमुख हैं। आईएचएम रांची के प्रशिक्षित शेफ्स द्वारा तैयार किए गए ये व्यंजन आदिवासी संस्कृति, ग्रामीण जीवनशैली और टिकाऊ खाद्य परंपराओं की झलक पेश करते हैं।
झारखंड के स्टॉल में रागी, बाजरा, ज्वार जैसे मोटे अनाजों से बने पारंपरिक व्यंजन न केवल स्वाद में अनूठे हैं, बल्कि पोषण से भरपूर भी हैं। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मिलेट्स मिशन’ की भावना को भी सशक्त रूप से आगे बढ़ाती है। स्टॉल पर आने वाले पर्यटक झारखंड की पारंपरिक खुशबू, स्वाद और संस्कृति का प्रत्यक्ष अनुभव कर रहे हैं।

झारखंड पर्यटन विभाग का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से राज्य की समृद्ध खानपान परंपरा, आदिवासी विरासत और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना है। भारत पर्व में झारखंड का यह स्टॉल लोगों को न केवल स्वाद से जोड़ रहा है, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती से प्रस्तुत कर रहा है।
25वें भारत पर्व के दौरान लाल किले में झारखंड की यह प्रस्तुति आगंतुकों के लिए एक यादगार अनुभव बन रही है और राज्य पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने