आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सिर्फ एक महीने के भीतर साढ़े चार करोड़ वोटरों के नाम मतदाता सूची से गायब हो गए हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला करार दिया है। लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने कहा कि वोटर लिस्ट में इस तरह का बड़ा बदलाव बेहद चिंताजनक है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि दिसंबर 2025 तक पंचायत और निकाय चुनावों के आधार पर प्रदेश में करोड़ों मतदाता दर्ज थे, लेकिन पुनरीक्षण के बाद बड़ी संख्या में नाम हटा दिए गए। संजय सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर किन आधारों पर वोटरों के नाम काटे गए और क्या इसमें पारदर्शिता बरती गई।
आप सांसद ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची, फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-10 सहित सभी रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते जवाब नहीं मिला तो यह मुद्दा सड़क से संसद तक उठाया जाएगा।
Tags
देश विदेश