नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने आज नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के दौरान कजाकिस्तान गणराज्य के प्रधानमंत्री Olzhas Bektenov से भेंट की।
प्रधानमंत्री मोदी ने एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री बेक्तेनोफ की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक कल्याण और आर्थिक विकास के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दोनों नेताओं ने राजनीतिक, व्यापार, रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क सुविधा, ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियों तथा लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ओल्शाज बेक्तेनोफ की यह यात्रा भारत-कजाकिस्तान रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करेगी। उन्होंने व्यापार, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों, दुर्लभ पृथ्वी धातुओं, रक्षा, संपर्क सुविधा और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देश अपनी मित्रता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मिलकर कार्य करते रहेंगे।
Tags
देश विदेश