नई दिल्ली में 12–14 मार्च तक कृषि में महिलाओं की भूमिका पर वैश्विक सम्मेलन

नई दिल्ली में 12–14 मार्च तक कृषि में महिलाओं की भूमिका पर वैश्विक सम्मेलन GCWAS-2026

कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से 12 से 14 मार्च 2026 तक नई दिल्ली में तीन दिवसीय वैश्विक सम्मेलन GCWAS-2026 (कृषि-खाद्य श्रृंखला में महिलाओं की भागीदारी पर वैश्विक सम्मेलन) आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम हॉल, आईसीएआर सम्मेलन केंद्र में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी।
आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उद्घाटन सत्र में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि समापन सत्र में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि होंगी।
उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन कृषि विज्ञान के विकास के लिए न्यास (TAAS), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), CGIAR और PPV&FRA के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भारत सहित दुनिया भर से वैज्ञानिक, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, महिला किसान, उद्यमी और विद्यार्थी समेत 700 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
सम्मेलन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में लैंगिक समानता, तकनीकी नवाचार और आर्थिक समावेशन को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र, महिला किसान मंच, युवा मंच और प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाओं से जुड़ी नई तकनीकों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। 

#शिवराजसिंह #president #द्रौपदीमुर्मू #krishi

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने